Friday, 17 October 2025

अपनी ओर

 पाँव के छाले कहते हैं,रुक जाओ अब आगे न बढ़ो

आंखों में आंसू चुभते हैं,मंजिल को मुझे परे रखो

अंतर्मन का संग्राम -सघन,बन राह का पर्वत रोकेंगे

कहने वाले, सुनने वाले,घावों को बहते देखेंगे

घनघोर निराशा के बादल,तुमको न सफल बनने देंगे

पीड़ाओं के ये बढ़ते वन,पथ में कांटे बिखरा देंगे

मिलेंगे बहुत समझाने वाले,चलते-पथ से भटकाने वाले 

अपना मन बहलाने वाले, बीच अधर लटकाने वाले

आसान न होगी एक डगर,रुकना नहीं है तुमको मगर

 उल्टी धारा में उतरे तो,मौजों की उंगली तोड़ो तो,

यह तुम पर ताने कसने वाले,तुमसे ही मिलने आएंगे

सब राग द्वेष को भूल -भाल, बस एक राग में गाएंगे

संघर्ष शिशिर का सूरज है,जुगनू मन वाले क्या जानें

 तुमने जो तप से साध लिया,ये मूल्य कोई क्या पहचाने

तुम शोक -सोच को परे धरो,मन में लिए मशाल बढ़ो

लघुता- जड़ता से निकलो तो,अपनी आभा को परखो तो 

सब तूफानों की राह बदल,तुम भीग चुके अब बरसों तो

- डॉ संगीता 

No comments:

Post a Comment

अपनी ओर

 पाँव के छाले कहते हैं,रुक जाओ अब आगे न बढ़ो आंखों में आंसू चुभते हैं,मंजिल को मुझे परे रखो अंतर्मन का संग्राम -सघन,बन राह का पर्वत रोकेंगे...